रेवाड़ी। जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यालय रेवाड़ी। फाइल फोटो
रेवाड़ी। दिल्ली के स्कूलों को मिली धमकी के बाद हरियाणा शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया है। कहा गया है कि सभी अधीनस्थ सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के मुखियाओं को हिदायत जारी करें कि यदि उन्हें अपने स्कूल के आसपास कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि मिले तो डायल-112 पर सूचना दें। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारी को घटना से अवगत करवाएं। इस दौरान बच्चों के माता-पिता को भी सतर्क रहने को कहा गया है़। इनसे अपील की गई है कि अगर स्कूलों के आसपास संदिग्ध गतिविधि या वस्तु दिखती है तो स्कूल प्रबंधन को जानकारी देनी चाहिए। वहीं आदेश में कहा गया है कि सरकारी और गैर सरकारी स्कूल के मुखिया बस चालकों को भी हिदायत जारी करें कि वे छात्रों को स्कूल के अंदर से ही बसों में बैठाएं और उतारें। इससे बच्चों की सुरक्षा भी बनी रहेगी।
बता दें कि 1 मई को एक अज्ञात ई-मेल के जरिये दिल्ली के करीब 222 स्कूलों को बम से उड़ने की धमकी मिली थी। स्कूलों में बम रखे होने की ई-मेल मिलने के बाद दिल्ली पुलिस स्कूलों में सर्च अभियान चलाया। हालांकि अभियान में कहीं कुछ नहीं मिला। गुरुग्राम के भी कुछ स्कूलों में ऐसी ही मेल आई थी। रेवाड़ी गुरुग्राम से सटा और एनसीआर का जिला है।
वर्जन
शिक्षा विभाग की तरफ से दिल्ली के स्कूलों को मिली धमकी के बाद दिशा- निर्देश जारी किया गया है। जिले के हर स्कूलों को निर्देश मानना आवश्यक है।- कपिल पूनिया, डीईईओ रेवाड़ी।