संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पिछले साल एक करोड़ 25 लाख रुपये का बजट जारी होने के बाद भी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कॉमर्शियल सेक्टर-5 में सड़क और फुटपाथ निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका है। जबकि दस माह से सड़क और फुटपाथ निर्माण का कार्य चल रहा है। यह कार्य लंबित होने से लागत बढ़ने की आशंका है। वहीं अन्य प्रस्तावित कार्य भी शुरू नहीं पा रहे हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराने के बाद भी स्थिति जस की तस है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) का शहर के सर्कुलर रोड स्थित सेक्टर-5 कॉमर्शियल स्थल है। इस सेक्टर को प्राधिकरण ने वर्षों पहले विकसित किया था लेकिन इसके बाद इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। हालांकि प्राधिकरण ने यहां की दुकानों के बूथ एवं अन्य साइट की बिक्री तो कर दी लेकिन सुविधाओं के अभाव में वर्षों से इस मार्केट का पूरी तरह से विकास नहीं हो पाया। यहां पर न सड़क थी और न ही जनसुविधा स्थल। यहां के व्यापारियों ने एसोसिएशन का गठन करके उसके माध्यम से प्राधिकरण अधिकारियों से कई बार शिकायत कर सड़क, पार्क, फुटपाथ सहित अन्य सुविधाएं देने की मांग की लेकिन एक साल तक उस पर कोई सुनवाई ही नहीं हुई। इसके बाद व्यापारियों ने संघर्ष जारी रखा तथा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों को कई ज्ञापन सौंपे।
कैसे हो कार्य, सेक्टर का पैसा अन्यत्र खर्च
व्यापारियों ने जन सूचना अधिकार (आरटीआई) का सहारा लिया तो पता चला कि प्राधिकरण ने सेक्टर पांच में अलग- अलग कार्यों के लिए लगभग 18 करोड़ रुपये का एस्टीमेट भेजा था। मुख्यालय ने एक बार बजट मंजूर भी कर दिया था लेकिन प्राधिकरण ने यह बजट आवासीय सेक्टर पर खर्च कर दिया। इसके बाद जो एस्टीमेट भेजा गया उसको मुख्यालय ने मंजूर नहीं किया। आखिरकार प्राधिकरण ने पिछले साल यहां के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये का बजट पिछले साल स्वीकृत करते हुए अगस्त में वर्क ऑर्डर जारी कर दिया था। इसके तहत यहां पर सड़क, फुटपाथ और ड्रेनेज संबंधित काम होना था जो अभी भी अधूरा है।
पार्क और जनसुविधा स्थल काम नहीं हुआ शुरू
सेक्टर -5 के व्यापारी राजीव गोयल व पवन मेहंदीरत्ता सहित अन्य ने बताया कि प्राधिकरण को यहां पर चार जनसुविधा स्थल के साथ अलग से 3 करोड़ रुपये की लागत से पार्क विकसित करना है। इनका कार्य भी शुरू नहीं हुआ है। वहीं सफाई की व्यवस्था नहीं होने बारिश के पानी का निकास भी नहीं हो रहा है। फुटपाथ जो बनाए गए हैं वह एक स्थान पर धंस भी गए हैं। 10 माह से भी अधिक समय से काम चल रहा है लेकिन अभी तक पूरा नहीं होने से समस्या जस की तस है।
वर्जन
सेक्टर-5 में विकास कार्यों के लिए बजट मंजूर हुआ है। कार्य अभी तक पूर्ण नहीं होने की जानकारी नहीं है। तय डेडलाइन के अनुसार कार्य नहीं हो रहा है तो मामले में ठेकेदार को हिदायत देकर जल्द काम पूरा कराया जाएगा।- अनिल कुमार, कार्यकारी अभियंता, एचएसवीपी, रेवाड़ी।