कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अभय चौटाला।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने रविवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान डॉ. राजपाल यादव ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट रजवन्त डहीनवाल ने किया।
इस दौरान अभय चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में शहरी निकाय संस्थाएं भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई हैं। सरकारी संरक्षण में नशाखोरी का कारोबार फल-फूल रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब हो गई है। आमजन असुरक्षित हैं।
जनप्रतिनिधियों को धमकियां मिल रही हैं, फिरौती मांगी जा रही है। दुखद बात यह है कि डीएसपी स्तर के बड़े पुलिस अधिकारी पर खनन माफिया ने सरेआम कुचल कर मौत के घाट उतार दिया, मगर सरकार फिर भी आंखे मूंदे हुए है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर इनेलो ने 5 अगस्त को प्रत्येक जिले में विरोध प्रदर्शन करके डीसी को ज्ञापन सौंपेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करे अन्यथा सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने 25 सितंबर को फतेहाबाद में सम्मान दिवस समारोह मनाए जाने की बात कहते हुए सभी को उस दिन फतेहाबाद पहुंचने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि 2024 में इंडियन नेशनल लोकदल को सत्ता में आने से कोई भी ताकत नहीं रोक सकती। जिला प्रधान डॉ. राजपाल यादव ने कहा कि इनेलो कल भी मजबूत थी और आज भी उसके कार्यकर्ता मजबूती से खड़े हैं और आगामी चुनावों में इनेलो संगठन की मजबूती एक बार फिर साबित हो जाएगी।
‘मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस बीजेपी की बी टीम’
पत्रकारों से बात करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि अब प्रदेश में इनेलो ही विपक्ष की भूूमिका निभा रही है। पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सरकार का विरोध किया। चाहे वो भर्ती घोटाला हो, बेरोजगारी का मसला हो, किसानों की समस्या हो या अग्निपथ या पेंशन काटने का मुद्दा हो। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस आज बीजेपी की बी टीम बन गई है। उन्होंने जेजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि दवा घोटाले का आरोप लगाने वाले आज सत्ता की गोद में बैठे हुए हैं। अब जनता ने फैसला कर लिया है कि इस जनविरोधी पार्टी को सत्ता से बेदखल करना है। अभय ने बावल नगर पालिका की नवनिर्वाचित पार्षद उर्मित ठक्कर का भी पार्टी में माला पहनाकर स्वागत किया। उर्मित बड़े लंबे समय से इनेलो की शहरी प्रधान हैं।