रेवाड़ी। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने कांग्रेस संसदीय दल की चेयरमैन सोनिया गांधी की किताब ''बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव'' को लेकर भाजपा नेताओं की आलोचना को ओछी राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा कि किताब को पूरी तरह पढ़े और समझे बिना उसके किसी एक वाक्य या अंश को आधार बनाकर टिप्पणी करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है और फासिस्ट सोच को दर्शाता है। विद्रोही ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके दो सिख सुरक्षाकर्मियों द्वारा हत्या जितनी निंदनीय थी, उतना ही उनकी हत्या के बाद सिख समुदाय के लोगों का नरसंहार भी निंदनीय है। 31 अक्तूबर से 2 नवंबर 1984 के बीच दिल्ली में हुए सिख नरसंहार के लिए केवल कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हिंसा में भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ता भी शामिल थे।