बावल। आम आदमी पार्टी की 10 दिवसीय प्रदेशस्तरीय बदलाव यात्रा तीसरे दिन बावल और कोसली में पहुंची। इस दौरान पत्रकार वार्ता में आप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि पार्टी की बदलाव यात्रा के तीसरे दिन ही भाजपा की 9 साल पुरानी सरकार बौखलाहट शुरू हो गई है। भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा के खिलाफ एक वीडियो डाला गया है, जो अपने आप में दिखाता है कि पार्टी अपने मकसद में कामयाब हो रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा को पूरा जन समर्थन मिल रहा है। प्रदेश के लोग इसलिए बदलाव चाहते हैं क्योंकि पार्टियां तो बदलती रही हैं, लेकिन व्यवस्था नहीं बदली। अब लोगों के मन में बदलाव का संकल्प है, जब तक बदलाव यात्रा समाप्त होगी तब तक हरियाणा की राजनीतिक तस्वीर बदल चुकी होगी। इस दौरान उनके साथ डॉ. मनीष यादव, कुलदीप यादव, मदन सिंह, मुकेश, धीरज यादव, नरेश बागड़ी, डॉ. सारिका और विनोद यादव मौजूद रहे। 18 दिसंबर को रेवाड़ी और पटौदी में बदलाव यात्रा जाएगी। 19 को झज्जर और बेरी में और 20 को रोहतक और कलानौर में जनता के संवाद करेंगे।
हरियाणा के सरकारी स्कूलों का उठाया मुद्दा
आप नेता ने खट्टर सरकार को शिक्षा के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने हाईकोर्ट में खुद माना है कि हरियाणा के 1585 स्कूलों में शौचालय, जिसमें से 550 स्कूल छात्राओं के हैं। 236 स्कूलों में बिजली के कनेक्शन नहीं हैं, 40 हजार से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और 8240 कक्षाओं की कमी है। आजादी के 76 साल बाद भी बच्चे टाट पर बैठते हैं। 20 किलोमीटर के दायरे में साइंस स्ट्रीम नहीं हैं। कॉलेज में 50 प्रतिशत से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आम आदमी पार्टी बदलाव यात्रा कर रही है। प्रदेश में हर जगह में लोग बदलाव यात्रा का स्वागत कर रहे हैं।
अनुराग ढांडा ने कहा कि पीएम मोदी 2014 में कह कर गए थे कि एम्स बनवाएंगे, लेकिन आज तक नींव की एक ईंट भी नहीं रखी गई। हरियाणा के सरकारी अस्पतालों का भी बुरा हाल है। अस्पतालों में न दवाइयां और न मशीनें हैं। इसके अलावा प्रदेश के अस्पतालों में करीब 50 प्रतिशत चिकित्सकों के पद खाली पड़े हैं। इसका मतलब हरियाणा सरकार ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य व्यवस्था का बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के एक भी गांव में 24 घंटे बिजली नहीं आती। प्रदेश के लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि बिजली आती नहीं और बिजली बिल बढ़ कर आ रहे हैं। प्रदेश के लोग इसका बदला भी मनोहर सरकार से लेना चाहते हैं। प्रदेश की सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं देने में विफल रही है और इन्हीं मूलभूत सुविधाओं के लिए हरियाणा के लोग बदलाव मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के लोगों को आम आदमी पार्टी से उम्मीद है कि जैसे पंजाब में किया ऐसे ही हरियाणा में भी इन टोल टैक्स का सफाया करेगी। अब हरियाणा के लोग अपनी और आम जनता की सरकार बनाना चाहते हैं। इस बदलाव यात्रा से आम आदमी पार्टी उस सरकार की नींव रखने जा रही है। प्रदेश की जनता सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से तंग आ चुकी है। इसलिए 2024 में विधानसभा में आम आदमी बैठेगा।