रेवाड़ी। रोहड़ाई मोड़ के निकट वीरवार की रात ट्रॉले की चपेट में आने से बाइक सवार बिजली निगम कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी। मोतला कलां निवासी उदयभान बिजली निगम में डीसी रेट पर कर्मचारी लगा हुआ था। रात को वह बाइक से घर लौट रहा था। रोहड़ाई मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में उदयभान गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।