संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के कार्डधारकों का मुफ्त इलाज नहीं होने से गरीब परिवार के लोग काफी परेशान हैं। निजी अस्पतालों में इलाज कराने पहुंच रहे कार्डधारकों को लौटा दिया जा रहा है।
राजवीर यादव ने बताया कि वह अपने बेटे के इलाज के लिए सर्कुलर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में गए थे। वहां बताया गया कि आयुष्मान योजना के तहत इलाज अभी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पास इतने पैसे भी नहीं है कि बेटे का इलाज करवा सकें, काफी समस्या हो रही है। आईएमए के आह्वान पर आयुष्मान पैनल में शामिल निजी अस्पतालों ने बकाये का भुगतान नहीं होने पर आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज नहीं करने का निर्णय लिया है।
जिले में करीब 3.97 लाख आयुष्मान कार्डधारक हैं। जिले में तकरीबन 25 अस्पताल आयुष्मान कार्डधारकों को सेवा दे रहे थे जिन्हें 5 से 6 करोड़ का भुगतान किया जाना है। आयुष्मान कमेटी के चेयरपर्सन डॉक्टर राम बाबू यादव ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को योजना से लाभ मिल रहा था। निजी अस्पताल इलाज कर रहे थे लेकिन कई माह से भुगतान नहीं होने के कारण निजी अस्पतालों को आयुष्मान धारक मरीज का इलाज नहीं करने का निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
हरियाणा सरकार के साथ हुए समझौते के मुताबिक आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराने आने वाले मरीजों के बिल का भुगतान निजी अस्पताल को 15 दिन के अंदर करना होता है लेकिन समझौते के मुताबिक बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में कई बार स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों की बैठक हुई लेकिन भुगतान नहीं किया गया।
ज