रेवाड़ी। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करना साइबर ठगों के लिए धोखाधड़ी का जरिया बन सकता है। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम पर जन्मदिन, कार्यस्थल, रिश्तेदारों की जानकारी और यात्रा कार्यक्रम सार्वजनिक कर देते हैं। साइबर अपराधी इन जानकारियों का इस्तेमाल परिजनों के नाम पर आपात स्थिति का बहाना बनाकर पैसे ऐंठने, फर्जी प्रोफाइल बनाने और चोरी जैसी वारदात को अंजाम देने में कर सकते हैं। उन्होंने सलाह दी है कि सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग प्राइवेट रखें और यात्रा के दौरान लाइव लोकेशन, टिकट व बोर्डिंग पास की तस्वीरें साझा न करें। प्रोफाइल पर मोबाइल नंबर, ईमेल, जन्मतिथि और अन्य संवेदनशील जानकारियां सार्वजनिक करने से बचें। अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उनकी पहचान सत्यापित करें।