बावल। कस्बे के वार्ड नंबर-2 में रावण के पुतला दहन के मौके पर वाल्मीकि बस्ती में बुधवार की रात दो पक्षों में कहासुनी के बाद आपस में झगड़ा हो गया था। इसके बाद दोनों पक्ष घर लौट गए थे। आरोप है कि बाद में एक पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दो युवाओं पर लाठी, डंडों से हमला कर दिया। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बावल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही एक आरोपी को पकड़ लिया है।
बावल की वाल्मीकि बस्ती निवासी सज्जन कुमार और बावल के ही रहने वाले लोकेश कुमार की बुधवार की रात करीब साढ़े 9 बजे किसी बात को लेकर हाथापाई हो गई थी। उस वक्त मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया था, लेकिन फिर रात 10 बजे लोकेश अपने आधा दर्जनभर साथियों के साथ सज्जन के घर पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान सज्जन के भाई रोहित तथा राहुल पर तलवार और लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान मटरू पहलवान नाम के व्यक्ति ने उन पर फायरिंग भी की, जिसमें वह बालबाल बच गए। दोनों भाइयों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। बावल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक आरोपी को हिरासत में भी लेकर पूछताछ की जा रही है।
------------------
वर्जन:
दो युवकों पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक आरोपी आनंद को पकड़ लिया है। मामले में पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही बाकी आरोपी भी पकड़े जाएंगे।
-विद्यासागर, थाना प्रभारी, बावल