संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। निपुण हरियाणा के तहत बाल वाटिका से लेकर कक्षा 3 तक के विद्यार्थियों का आकलन किया जाएगा। 24 सितंबर से 1 अक्तूबर तक विद्यार्थियों के हिंदी, गणित व अंग्रेजी विषय का आकलन होगा। इसे टीचर एप पर अपलोड करना होगा।
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि कुछ विशेष परिस्थितियों में अध्यापकों को आवंटित कक्षाओं का आकलन दर्ज करने के लिए अतिरिक्त समय प्रदान किया जा सकता है। यह आकलन संबंधित कक्षाओं के शिक्षक करेंगे। इसके लिए पीआरटी को टैबलेट दिए गए हैं। अध्यापकों को यह सुनिश्चित करना है कि आकलन की तिथि से पहले ही वे निपुण हरियाणा टीचर एप का नवीनतम वर्जन अपने मोबाइल में अपडेट व इंस्टॉल कर लें।
जिन शिक्षकों का स्थानांतरण हो गया है वह अपनी आईडी के माध्यम से निपुण हरियाणा टीचर एप में लॉग इन करेंगे। सभी शिक्षक अपडेट एप डाउनलोड करने के बाद लॉग आउट व लागिन करेंगे ताकि वे अपडेट फीचर्स आसानी से देख सकें।
विद्यार्थियों का आकलन करने के लिए एक शिक्षक को एक से अधिक कक्षा आवंटित की जा सकती हैं। शिक्षक निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार आकलन करेंगे। शिक्षक पहले लिखित प्रश्नों को कक्षा में करवाएं और एक-एक विद्यार्थी को बुलाकर उनका आकलन करें।
24 सितंबर को कक्षा एक व दो का हिंदी, 25 सितंबर के कक्षा तीन का हिंदी, 26 सितंबर को कक्षा 1 व 2 का गणित, 27 सितंबर को कक्षा तीन का गणित, 28 सितंबर को कक्षा 1 व 2 का अंग्रेजी, 30 सितंबर को कक्षा तीन का अंग्रेजी और 1 अक्तूबर को बाल वाटिका का आकलन किया जाएगा।
-
वर्जन:
निपुण हरियाणा के तहत बाल वाटिका से लेकर कक्षा 3 तक के विद्यार्थियों का आकलन किया जाएगा। शिक्षकों को इसे निपुण हरियाणा टीचर एप पर अपडेट करना होगा। इसके लिए विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। -चरण सिंह, जिला समन्वयक,एफएलएन।