संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल आनंंद नगर निवासी आर्यन ने वीरवार देर रात गुरुग्राम स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने अब हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शुक्रवार को शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
शहर के आनंद नगर निवासी आर्यन (18) 12वीं के बाद चंडीगढ़ में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा था। वह रक्षाबंधन पर घर आया था। उसके मामा रामगढ़ निवासी महेश कुमार ने शिकायत में बताया कि रविवार शाम 7 बजे पता लगा कि सेक्टर-4 में झगड़ा हो गया है, जिसमें उनके भांजे आर्यन को गंभीर चोटें आई हैं। आर्यन को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पता लगा कि आर्यन सेक्टर-4 में दोस्तों के साथ था। इसी दौरान कई बाइक पर सवार होकर 25-30 लड़के पहुंचे, जिन्होंने डंडे और हॉकी से आर्यन और उसके साथियों पर हमला कर दिया। हमले में आर्यन और उसके दो साथियों को भी चोटें आईं।
आर्यन अपने माता-पिता के इकलौता बेटा था। 1 साल पहले आर्यन का स्कूल में कुछ लोगों के साथ झगड़ा हो गया था। उसी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साहिल सिराधना, प्रिंस यादव, गोल्डी यादव, जुगनू पंजाबी और मोहित यादव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।-
वर्जन:
आर्यन की मौत की सूचना वीरवार की रात मिल गई थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दो दिन पहले आर्यन की मौत की अफवाह फैलाई गई थी जोकि झूठ था। आर्यन की मौत की पुष्टि वीरवार देर रात को हुई है।-कृष्ण कुमार, प्रभारी, मॉडल टाउन थाना।