रेवाड़ी। तकनीकी नवाचारों के प्रति किसानों में जागरूकता लाने और कम लागत में बेहतर फसल उत्पादन के लिए प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से निशुल्क ड्रोन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा होने के बाद अब कृषि व किसान कल्याण विभाग की ओर से बची हुई सीटों के लिए कृषि ड्रोन पायलट के प्रशिक्षण के लिए किसानों और बेरोजगार युवाओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं।डीसी राहुल हुड्डा ने प्रशिक्षण योजना से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण के इच्छुक आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए व कम से कम 10वीं पास होना आवश्यक है। आवेदक किसी एफपीओ या सीएचसी सदस्य होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले से दूसरे चरण के तहत 8 किसानों को प्रशिक्षण के लिए नामांकित किया जाएगा। आवेदकों की संख्या 8 से अधिक होगी तो लाभार्थियों का चयन उनकी अध्यक्षता में गठित जिलास्तरीय कार्यकारी समिति के माध्यम से निर्धारित चयन प्रक्रिया की ओर से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त योग्यता रखने वाले किसान और बेरोजगार युवा विभाग की वेबसाइट पर जाकर 19 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विभाग के टोल फ्री नं. 1800-180-2117 अथवा जिला के कृषि उप-निदेशक सहायक कृषि अभियंता कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।