संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में संचालित एमकॉम और 5 वर्षीय एमकॉम में दाखिले के लिए 27 जून तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। सभी अभ्यर्थियों को इसकी हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 8 जुलाई तक संबंधित विभाग में जमा करवानी होगी।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आदिति शर्मा ने बताया कि 5 वर्षीय एमकॉम और एमकॉम में 60-60 सीटें हैं। 5 वर्षीय एमकॉम के लिए बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को 50 फीसदी अंकों के साथ विश्वविद्यालय में ऑनलाइन आवेदन करना होगा और एससी उम्मीदवार के लिए अंकों की आवश्यकता 47.5 फीसदी रहेगी। 5 वर्षीय एमकॉम में प्रवेश एकेडमी मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। 2 वर्षीय एमकॉम के लिए ग्रेजुएशन में 50 फीसदी अंकों के साथ तथा एससी उम्मीदवार के लिए अंकों की आवश्यकता 47.5 फिसदी रहेगी। एमकॉम के लिए प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई को होगी। मास्टर ऑफ कॉमर्स के 5 वर्ष पूरे करने के पश्चात विद्यार्थियों के सामने विभिन्न प्रकार के क्षेत्रों में करियर बनाने के अवसर होते हैं।
इन पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन की संख्या बढ़ रही है और एमकॉम पास कर लेने के बाद विद्यार्थी बैंकिंग सेक्टर, औद्योगिक सेक्टर एवं प्राइवेट कंपनियों में रोजगार पा सकते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा एमकॉम और 5 वर्षीय एमकॉम में प्रवेश के लिए मेरिट सूची 15 जुलाई को वेबसाइट पर जारी की जाएगी एवं विभाग के नोटिस बोर्ड पर भी लगाई जाएगी। पहली फिजिकल काउंसलिंग 17 जुलाई को होगी।
पहली काउंसलिंग के बाद सीटें रिक्त रहने पर दूसरी फिजिकल काउंसिलिंग 20 जुलाई को होगी एवं तीसरी फिजिकल काउंसिलिंग 24 जुलाई 2024 एवं ओपन फिजिकल काउंसिलिंगंसिलिंग 29 जुलाई को होगी। आवेदन करने के लिए संबंधित जानकारी अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर देखें।