संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन तिथि 25 जून तक बढ़ा दी है। इससे पहले आवेदन की तिथि 21 जून थी। वहीं, छात्राओं को कौशल व रोजगार प्रदान करने के लिए आईटीआई में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप राशि देने का फैसला किया है। इसमें सरकार द्वारा छात्राओं को महिला दिवस पर 2500 रुपये एकमुश्त राशि दी जाएगी। इसके साथ ही जो छात्राएं आईटीआई में दाखिला लेंगी उनके लिए हरियाणा रोडवेज की मुफ्त बस पास सेवा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही छात्राओं को एक हजार रुपये तक का टूल बॉक्स भी प्रदान किया जाएगा। आईटीआई में एडमिशन फार्म भरने के लिए अलग से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता। विद्यार्थी किसी भी कामन सर्विस सेंटर पर जाकर भी आवेदन कर सकता है।
औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से बताया गया है कि वर्ष 2024-25 में अगर कोई विद्यार्थी दाखिला लेना चाहता है तो उसके पास आधार कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक खाता, ईमेल आईडी और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य हैं। बिना इसके विद्यार्थी आवेदन नहीं कर सकते है। बता दें कि दाखिले के पहले ही विभाग की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर विद्यार्थियों को दाखिले संबंधित दस्तावेजों को ठीक करने के निर्देश भी दिए जा चुके थे।
वर्जन
औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से 25 जून तक आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। जल्द से जल्द विद्यार्थी आवेदन करें।-सुनील यादव, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई रेवाड़ी।