संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शराब तस्करी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिसार जिले के बरवाला निवासी बिजेंद्र कुमार उर्फ फौजी के रूप में हुई है। मामले में सात आरोपी पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार 12 जून 2023 को सूचना मिली थी कि अटेली की ओर से एक कैंटर में शराब लाई जा रही है। कैंटर कुंड बैरियर से पहले बहरोड फिर जयपुर होते हुए गुजरात ले जाया जाएगा। इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने हाईवे पर कुंड बैरियर के पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी बीच अटेली की ओर से आ रहे कैंटर को रोक कर जांच की तो 501 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस की पूछताछ में कैंटर चालक ने अपना नाम राजस्थान के जिला चूरू के धनोठी बड़ी निवासी रमेश कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद बताया। चालक ने बताया कि वह यह शराब लेकर गुजरात जा रहा था। पुलिस ने थाना खोल में आबकारी अधिनियम व फर्जीवाड़ा करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में आरोपी रमेश कुमार पुत्र जगदीश, रमेश पुत्र ईश्वर, रविन्द्र, सुरेश, सुरेन्द्र, अमित उर्फ मीतू व कमलकान्त को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को मामले में संलिप्त एक और आरोपी बिजेन्द्र कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है।