रेवाड़ी। अपराध शाखा-1 रेवाड़ी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि 12 जून 2023 को सूचना मिली थी कि अटेली की ओर से एक कैंटर में अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। कैंटर कुंड बैरियर से पहले बहरोड़ फिर जयपुर होते हुए गुजरात ले जाया जाएगा। इस अपराध शाखा की टीम ने कुंड बैरियर के पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अटेली की ओर से आ रहे एक कैंटर को जांच के लिए रोका। कैंटर से 501 पेटी अवैध शराब मिली। कैंटर चालक ने अपना नाम राजस्थान के जिला चूरू के धनोठी बड़ी निवासी रमेश कुमार बताया। चालक ने बताया कि वह यह शराब लेकर गुजरात जा रहा था। पुलिस ने थाना खोल में मामला दर्ज करके मामले में तीन आरोपी रमेश कुमार, रमेश व रविन्द्र को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी चालक रमेश कुमार ने बताया कि अवैध शराब तस्करी में जिला हिसार के गांव पुट्टी निवासी सुरेन्द्र भी उसका सहयोग करता था। जो इस मामले में अपराध शाखा-1 रेवाड़ी पुलिस ने बुधवार को आरोपी सुरेन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।