धारूहेड़ा। पुलिस ने गोवंश को वध के लिए पिकअप गाड़ी में भरकर ले जाने के मामले में दो साल से फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान जिला नूंह के गांव सुबासेडी निवासी जफरू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा दिया है।
मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने बताया कि 17 दिसंबर 2022 को खटावली राजपुरा रोड पर एक पिकअप गाड़ी से तीन गोवंश को मुक्त कराया गया था। तस्कर गोवंश को वध के लिए लेकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना धारूहेड़ा में हरियाणा गोवंश संरक्षण व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके तीन आरोपी विनोद, राजाराम और कमरू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया था।