रेवाड़ी। शहर में एक भी नई कॉलोनी के नियमित न होने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। वीरवार को लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कॉलोनियों को नियमित करने की मांग को लेकर विभिन्न कॉलोनियों के आरडब्ल्यूए प्रधान व स्थानीय लोग भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा जिला प्रधान प्रीतम सिंह चौहान को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया है। उन्होंने कहा है कि सज्जन लोक काॅलोनी, ठठेरा काॅलोनी, गोकुलधाम काॅलोनी, शिव नगर पार्ट-ए, राम विहार काॅलोनी, शास्त्री नगर, सज्जन कॉलोनी समेत कई कॉलोनियां नियमित होने की शर्तें पूरी करती है। सभी आपत्तियां दूर करने के बावजूद हजारों लोगों को कोई लाभ नहीं हुआ। कॉलोनी नियमित करने के साथ ही लापरवाह अधिकारियों पर भी सरकार कार्रवाई होनी चाहिए।