सोनीपत। शहर में गंधक-पोटाश (विस्फोटक पदार्थ) खुलेआम बेचा जा रहा है। सरिया और पाइप से बना धमाका उपकरण पटाखों का विकल्प बन गया है। सड़क किनारे से विस्फोटक पदार्थ खरीदना किसी आम सामान खरीदने जैसा हो गया है। पुलिस व अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी इसे लेकर बेखबर हैं। लोहे के पाइप व सरिया से तैयार किए गए उपकरण में गंधक और पोटाश का मिश्रण भरकर चलाया जाता है। इससे ध्वनि और वायु प्रदूषण खूब होता है।
शहर के सेक्टर-12 बाईपास व बैंयापुर रोड की तरफ धमका उपकरण को सड़क किनारे रखकर बेचा जा रहा है। उपकरण के साथ पोटाश और गंधक भी तुरंत उपलब्ध करा दिया जाता है। एक पाइप का उपकरण 400 रुपये तक बिक रहा है, वहीं दो पाइप के बंदूक नुमा उपकरण की कीमत 800 रुपये तक है। इसके साथ ही गंधक-पोटाश 600 रुपये किलो तक बेचा जा रहा है।
अगले सप्ताह ही दिवाली का पर्व है, जिसको लेकर सभी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में कुछ स्थानों पर गंधक-पोटाश बेचने का काम भी जोरों पर शुरू हो गया है। इन उपकरण के चलते गंधक-पोटाश की खरीदारी भी जमकर हो रही है।
ऐसे होता है प्रयोग
लोहे के धमाका उपकरण में एक पाइप लगा होता है, जिसमें गंधक-पोटाश का मिश्रण डाला जाता है। इसके बाद पाइप में सरिया डालकर दबाव डाला जाता है। इससे गंधक-पोटाश तक दबाव पड़ता है और उपकरण से तेज आवाज निकलती है। आवाज के साथ धुआं निकलता है। धुआं से वहां से गुजरने में भी लोगों को परेशानी होती है। आंखों में जलन के साथ सांस लेने में दिक्कत होती है। खास बात यह है कि बिना गंधक-पोटाश के यह उपकरण किसी काम का नहीं है।
दिवाली में पटाखे बैन होने पर बढ़ी मांग
दिवाली पर पटाखे बैन होने के चलते पोटाश और गंधक की मांग बढ़ने लगी है। इसे पटाखे के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। ऐसे में चोरी छिपे गंधक पोटाश बेचने के साथ लोहे के पाइप तो सरेआम बिक रहे हैं।
पिछले साल एक घर में लग गई थी आग
एक साल पहले शांति विहार में घर में रखे गंधक व पोटाश में आग लगने से धमाका हो गया था। जिससे कमरे में रखा सामान जल गया था। जांच में 11 किलो 400 ग्राम गंधक और 200 ग्राम पोटाश बरामद किया गया था। पुलिस ने तब इरफान को पकड़ा था। उसने दिवाली पर बेचने के लिए गंधक व पोटाश लेकर आने की बात कही थी।
वर्जन
गंधक-पोटाश से प्रदूषण होता है। इसे बिना अनुमति नहीं बेचा जा सकता है। यदि कोई बेचते हुए मिलता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राजपाल सिंह, एसीपी सोनीपत