संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के सेक्टर चार स्थित प्रोडिजी स्कूल में रविवार को खेल दिवस का आयोजन किया गया। ऊर्जा नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में प्री नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अजित नाथ सदन ने ओवरऑल ट्राॅफी पर कब्जा किया। मार्चपास्ट की ट्राॅफी महावीर सदन ने जीती।
घुटनों के बल दौड़ने की प्रतियोगिता में सात्विक व देवांश और मेढ़क दौड़ में केजी कक्षा की गार्गी पहले स्थान पर रही। पहली कक्षा की हुला हूप रेस में दक्षिता, बोरी दौड़ में युवान व चिरायु अव्वल रहे। कक्षा दूसरी की 30 मीटर दौड़ में देव तथा तीन टांग दौड़ में रावी व जानवी पहले स्थान पर रहीं। तीसरी कक्षा की बाधा दौड़ अंशराज और रिले दौड़ अंशराज, दृष्टि, आदित्य व कौनिक ने जीत दर्ज कराई। चौथी व पांचवीं कक्षा के लिए आयोजित लेमन रेस में दिव्यांश तथा मटकी दौड़ में मानवी प्रथम रहीं। शिक्षकों की 30 मीटर दौड़ में शिक्षिका कोमल व सहायक कर्मचारियों की दौड़ में राजबाला अव्वल रहीं।
मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि जैन पब्लिक स्कूल की बाल शाखा प्रोडिजी स्कूल में खेल दिवस का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रद्युम्न जैन ने ध्वजारोहण कर किया। उन्होंने गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्रबंधन समिति के प्रधान प्रदीप जैन, उपप्रधान राकेश जैन, कोषाध्यक्ष सचिन जैन, समिति के सदस्य भारत जैन व भारत जैन ने मुख्य अतिथि एवं विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रधानाचार्य सोनल छाबड़ा ने सभी का अभिनंदन किया। उप प्रधानाचार्य विजय गुप्ता ने सभी शिक्षकों व कर्मचारियों के साथ प्रबंधन समिति, अभिभावकों तथा खेल गतिविधि के संचालन के लिए विभागाध्यक्ष निशी यादव, सविता, जितेंद्र कुमार, संजना तथा कार्यक्रम संचालक गोपाल शर्मा व ईशा चंद का आभार व्यक्त किया।