शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम। संवाद
रेवाड़ी। जिले के गांव लुहाना में मंगलवार को एक युवक का जला हुआ शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं दूसरी जगह उसकी हत्या की गई। इसके बाद उसके शव को किसी ज्वलनशील पदार्थ से जला दिया गया। फिर उसे यहां लाकर फेंक दिया गया। चेहरा बुरी तरह झुलसने के कारण शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सूचना के बाद खोल थाना पुलिस, अपराध शाखा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने शव को रेवाड़ी नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।
गांव लुहाना से गांव निमोठ की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मंगलवार की सुबह ग्रामीणों को एक युवक का जला हुआ शव पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। खोल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान आसपास के गांवों में भी पुलिस ने शव मिलने की सूचना भेज कर शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं लग पाया है।
पुलिस को नहीं मिला कोई सुबूत
मौके से भी पुलिस को ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। सीआईए व फोरेंसिक टीम ने भी वारदात स्थल का निरीक्षण किया है। फोरेंसिक टीम ने शव का भी बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर गाड़ी के टायरों के निशान भी मिले हैं। पुलिस को अंदेशा है कि कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया है।
पहले भी बरामद किया गया शव
महेंद्रगढ़ रोड पर गांव नांगल मूंदी के निकट दो नवंबर को भी एक हत्या कर फेंका गया शव बरामद किया था। उस मामले में भी अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। एक माह में हत्या की दूसरी वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।
कोट
ग्रामीणों की ओर से सूचना मिली थी कि गांव निमोठ के पास कच्चे रास्ते एक युवक का जला हुआ शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंच कर जांच की गई है। अभी उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
-प्रहलाद सिंह, थाना प्रभारी, खोल