संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में एमए अर्थशास्त्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी 27 जून तक आवेदनपत्र जमा कर सकते हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. विकास बतरा ने बताया कि इस कोर्स में दाखिले के लिए स्नातक में 45 फीसदी अंक होने चाहिए। अनुसूचित जाति, जनजाति तथा दिव्यांगों के लिए स्नातक में कम से कम 42.50% अंक होने चाहिए। एमए (अर्थशास्त्र) में कुल 40 सीटें हैं। इस सत्र से स्नातकोत्तर स्तर पर भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की जा रही है और अर्थशास्त्र में भी इसी नीति के तहत दाखिल किये जाएंगे। इस कोर्स में दाखिला मेरिट के अनुसार ग्रेजुएशन में प्राप्त अंकों के आधार पर दिया जाएगा। अर्थशास्त्र में एमए की देश और विदेश में बहुत अधिक मांग है और रोजगार के सुनहरे अवसर भी प्राप्त होते हैं। एमए करने के बाद विद्यार्थी शिक्षण तथा शोध में अपना भविष्य बना सकते हैं। बैंक, इंडस्ट्री, डेटा विश्लेषक, सरकारी क्षेत्र तथा अन्य कई क्षेत्रों में आप अपना कैरियर बना सकते हैं। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं और विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट देख सकते हैं।