समाज न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर में अवैध निर्माण करने वालों पर जल्द ही नगर परिषद की गाज गिर सकती है। नगर परिषद अवैध और बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने वाले लोगों की सूची तैयार कर रही है, जिसमें पार्षद से लेकर प्रभावशाली लोग भी शामिल हैं।
शहर के मोहल्ला व कॉलोनियों में लोगों ने बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से धड़ाधड़ निर्माण कर लिए है। इसकी कई बार नगर परिषद में लोगों की ओर से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन पिछले लंबे समय से नगर परिषद में अधिकारियों का टोटा बना हुआ था। इस कारण कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी थी, परंतु अब यहां संबंधित अधिकारी भी हैं। ऐसे में अधिकारियों ने बिना नक्शा पास किए निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मुहिम शुरू कर दी है।
नगर परिषद ने बिल्डिंग इंस्पेक्टर (बीआई) के नेतृत्व में टीम का गठन किया है जो शहर में बिना नक्शा पास की निर्माण करने वाले लोगों की सूची तैयार कर रही है। वहीं नगर परिषद की इस कार्यवाही से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। तोड़फोड़ की कार्रवाई से बचने के लिए लोगों ने नक्शा पास कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना शुरू कर दिया है।
लंबे समय से रिक्त था बिल्डिंग इंस्पेक्टर का पद
नगर परिषद में बिल्डिंग इंस्पेक्टर (बीआई) का पद लंबे समय से रिक्त था। ऐसे में लोगों को अपने नक्शे पास करवाने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। डेढ़ सौ से अधिक लोगों के नक्शे पेंडिंग थे लेकिन अब बीआई के आने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी।
शहर में बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नगर परिषद ऐसे लोगों की सूची तैयार कर रही है। इसके बाद उनको नोटिस देने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- प्रवीण कुमार, सचिव, नगर परिषद रेवाड़ी।