संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मोबाइल टॉवर लगाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला झुंझुनू के गांव किशोरपुरा निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव डहीना निवासी सुंदर सिंह ने कहा है कि 12 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें लिखा हुआ था कि आइटेल का मोबाइल टावर लगवाइए और 45 लाख रुपये एडवांस पाइए। लालच में आकर सुंदर सिंह ने मैसेज में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। दूसरी ओर से बात करने वाले साइबर ठग ने सुंदर सिंह से जमीन के कागजात वाट्सएप से भेजने के लिए कहा। कागजात भेजने के बाद बताया कि गया कि सेटेलाइट से जमीन की सर्वे की जाएगी। अगले दिन उसी नंबर से काल आया और बताया कि कंपनी उनके प्लाट में टॉवर लगाने के लिए तैयार है, प्रक्रिया शुरू करने के लिए उन्हें फाइल की 1800 रुपये फीस जमा करानी होगी। सुंदर ने दिए गए फोन-पे नंबर पर 1800 रुपये भेज दिए। इसके बाद एक लड़की का फोन आया। लड़की ने बताया कि उनका 25 लाख रुपये का एडवांस चेक तैयार हो गया है, लेकिन रिजर्व बैंक आफ इंडिया ने इसे होल्ड पर रख दिया है। उन्हें 15 हजार 500 रुपये जमा कराने होंगे।
सुंदर ने यह राशि भी बैंक खाते में जमा करा दी। लड़की ने कॉल कर बताया कि राशि ज्यादा होने के कारण चेक के बजाय डिमांड ड्राफ्ट बनेगा, जिसके लिए 22 हजार 900 रुपये जमा करने होंगे। डीडी के लिए राशि जमा करने के बाद लड़की ने 15 जनवरी को बताया कि गाड़ी टॉवर का सामान लेकर आ रही थी, लेकिन रास्ते में आरटीओ ने पकड़ लिया है। गाड़ी छुड़वाने के नाम पर आरोपियों ने 48 हजार 500 रुपये जमा करा लिए। 16 जनवरी को उसी लड़की ने कॉल कर बताया कि सामान लेकर आ रही गाड़ी का टायर फट गया है। सुंदर ने टायर के 17 हजार रुपये फोन-पे पर भेज दिए। कुछ घंटे बाद लड़की का फिर से फोन आया। लड़की ने बताया कि गाड़ी को कमेटी वालों ने पकड़ लिया है और टॉवर की एनओसी के लिए 25 हजार रुपये जमा कराने होंगे। बार-बार रुपये जमा करवाने पर सुंदर सिंह को संदेह हो गया और रुपये देने से मना कर दिया। इंकार करने पर सुंदर सिंह के पास अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगी। सुंदर ने मामले की शिकायत को पुलिस को दी थी। साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने जांच के बाद एक आरोपी दिनेश सैनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पुलिस ने 4 पासबुक भी बरामद की है। आरोपी को शनिवार को अदालत मे पेश करके 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।