बावल। बावल क्षेत्र से चोरी की गई बाइक को खरीदने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस ने बताया कि बावल के मोहल्ला तिवाड़िया चौक निवासी महेश चन्द ने अपनी शिकायत में बताया था कि 14 मई 2023 को वह अपनी बाइक पर अपने बेटे के साथ बावल के सरकारी स्कूल के ग्राउंड में घूमने के लिए गया था। स्कूल के पीछे वाले गेट के पास खड़ी उसकी बाइक वहां से चोरी हो गई थी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की थी। पुलिस ने शनिवार को इस मामले में एक आरोपी राजस्थान के जिला कोटपुतली के गांव राजनौता निवासी मनोज सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक को भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक राजस्थान के जिला कोटपुतली के गांव बसई भोपाल पुर निवासी साहिल से सात हजार रुपये में खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संवाद