कोसली। नाहड़ चौकी पुलिस ने घोड़ों के व्यापार में साझेदारी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झज्जर जिले के गांव बेरी निवासी प्रदीप उर्फ टीनू के रूप में हुई है।
23 फरवरी को जिला महेंद्रगढ़ के गांव छिथरोली निवासी एसपीओ संजय ने अपनी शिकायत में बताया था कि झज्जर के गांव बेरी में उसकी बुआ रहती है। इस कारण वहां उसका आना-जाना था। उसकी बुआ के पोते प्रदीप उर्फ टीनू व हरदीप उर्फ मोनू ने उसकी मुलाकात राहुल रोज से कराई, उसे बताया गया कि वह उनका भांजा है। राहुल रोज के साथ साझेदारी में ब्रदर स्टेज फार्म के नाम से उनका घोड़ों का फार्म है। इस फार्म से वह घोड़ों की बिक्री करके अच्छे रुपये कमाते हैं। वह उसको भी पार्टनर बनाना चाहते हैं।
पीड़ित ने विश्वास करते हुए वर्ष 2020 व 2021 में 18 लाख रुपये उनके खातों में डलवा दिए तथा 28 सितंबर 2020 को उसने अपने भाई के खाते से एक लाख हरदीप उर्फ मोनू के खाते में ट्रांसफर करवाए। इसके अलावा 29 सितंबर 2020 को इसी खाते में 3 लाख रुपये और ट्रांसफर करवाए तथा 13 अप्रैल 2021 को उसने अपने छोटे भाई की पत्नी के खाते से 10 लाख रुपये राहुल रोज के खाते में ट्रांसफर करवा दिए। इसी प्रकार उसने घोड़ा फार्म में साझेदारी के लिए आरोपियों को अलग-अलग तारीखों में कुल मिलाकर 70 लाख रुपये दे दिए। बाद में उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हो रही है।
आरोपी तीन दिन के रिमांड पर
पुलिस के मुताबिक आरोपी दो-ढाई साल तक पार्टनर बनाने का झांसा देते रहे। जब पीड़ित आरोपियों को पार्टनरशिप डीड लिखवाने व रुपये प्राप्त करने की रसीद देने बारे कहता तो वह उसे कोई न कोई बहाना बना कर टालते रहते। कुछ दिन पहले जब वह आरोपियों से मिला तो आरोपियों ने उससे कहा कि रुपयों के लिये वह उनके पास आया तो वह उसे जान से मार देंगे। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोसली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके मामले में एक आरोपी प्रदीप उर्फ टीनू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।