रेवाड़ी। शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मौके पर इंस्पेक्टर अनिल से 3.75 लाख रुपये की राशि बरामद की थी। पूरा मामला एक मुकदमे को लेकर था। इसमें इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने केस में फंसाने का डर दिखाते हुए रुपयों की मांग की थी। इसकी जानकारी पीड़ित ने गुरुग्राम एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को दी थी। इसके बाद शुक्रवार को टीम बनाकर कार्रवाई की गई थी। अनिल कुमार से जब पूछताछ की गई तो अजीत को लेकर भी खुलासा हुआ।
सट्टेबाजी के आरोप में सीआईए ने तीन लोगों को किया था गिरफ्तार
गुरुग्राम एसीबी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया है कि शहर के मॉडल टाउन थाने में एक मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में सीआईए की टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच इंस्पेक्टर अनिल कुमार के पास थी। इस दौरान अनिल ने गांव कालाका निवासी सचिन कुमार को केस में फंसाने की धमकी देते हुए चार लाख रुपये की डिमांड की। सचिन ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी तो एक टीम बनाकर कार्रवाई अमल में लाई गई। आरोपी इंस्पेक्टर अनिल कुमार को टीम ने एक सोसाइटी से पकड़ा है जहां पीड़ित ने पैसे देने के लिए बुलाया था। पूछताछ में मालूम चला कि पूरा खेल अजीत सिंह ने रचा था। दोनों को ही गिरफ्तार कर लिया गया है और जेल भेज दिया गया है।