संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के गांव गिंदोखर निवासी मजदूर मामन (40) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी हत्या किसने और क्यों की। सदर पुलिस के अलावा सीआईए की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।
गांव गिंदोखर निवासी मामन (40) तीन भाइयों में सबसे छोटा था और पास के ही गांव कालूवास में एक सेटरिंग स्टोर पर काम करता था। रोजाना की तरह शुक्रवार की सुबह वह पौने 8 बजे घर से काम पर जाने के लिए निकला था। वह साइकिल से जा रहा था। घर से निकलते ही कुछ दूर आगे अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। लहूलुहान अवस्था में मामन सड़क किनारे पड़ा रहा। रास्ते से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामन को फौरन अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद डीएसपी सिटी पवन कुमार भी अस्पताल में पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
किसी के साथ नहीं थी दुश्मनी
मामन शादीशुदा था। उसकी पत्नी मायके में रहती है। मामन की हत्या क्यों की गई है। यह बड़ा सवाल बना हुआ है। परिवार वालों का कहना है कि मामन की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। जिस तरह से उसकी हत्या की गई है उससे परिवार के सदस्य सदमे में है। फिलहाल परिवार के लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।