रेवाड़ी। सालासर मंदिर में ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध की स्थिति को देखते हुए विश्व शांति की कामना के लिए विशेष हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। गुजरात से आए महंत त्यागी मनमोहन दास ने बताया कि वर्तमान समय में विश्व के कई हिस्सों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। विशेष रूप से ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते विवाद ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। ऐसे समय में सभी देशों को आपसी बातचीत और समझदारी से समस्या का समाधान निकालना चाहिए ताकि युद्ध जैसी स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि युद्ध से केवल विनाश होता है और इसका असर पूरी मानवता पर पड़ता है। इसलिए विश्व शांति की कामना और सकारात्मक ऊर्जा के लिए यह हवन यज्ञ किया गया है। हवन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान से प्रार्थना की कि सभी देशों के बीच शांति स्थापित हो और मानवता सुरक्षित रहे। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।