भिवाड़ी। पुलिस ने 15 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश शरीफ को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी राजीव शर्मा ने बताया कि मंगलवार को धीरियावास के बीट कांस्टेबल प्रदीप ने सूचना दी कि शरीफ धीरियावास छोड़कर ग्वालदा (चौपानकी) में रह रहा है। पुलिस ने गुप्त जानकारी के आधार पर ग्वालदा में शरीफ के मकान की घेराबंदी की। भागने की कोशिश के बावजूद पुलिस ने उसे दबोच लिया। 9 नवंबर 2010 को तिजारा थाने में शेखपुर जट निवासी हारून ने अपने बेटे ईदरिश के अपहरण और 6 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में 4-5 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दो आरोपी शरीफ और सलीम घटना के समय से ही फरार चल रहे थे। शरीफ की गिरफ्तारी के लिए भिवाड़ी एसपी ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने शरीफ को गिरफ्तार कर लिया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।