रेवाड़ी। चाइनीज मांझा की चपेट में आने से एक 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हंस नगर निवासी दिशू अपने ताऊ के साथ रविवार को शाम के समय बाइक पर बाजार जा रही थी कि तभी रास्ते में चाइनीज मांझा की चपेट में आ गई। मांझे से दिशू का गला कट गया, जिससे उसकी मौत हो गई। दिशू के ताऊ का हाथ भी कट गया है। वह गंभीर अवस्था में हैं और उनका इलाज चल रहा है। दिशू एक निजी स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। इस घटना के साथ सवाल उठ रहे हैं कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बिके हैं, जबकि पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी जारी की थी। परिवार में मातम का माहौल है।