रेवाड़ी। जिले की रेवाड़ी, कोसली, बावल अनाज मंडी में बाजरे की आवक अब धीमी हो चुकी है। अभी तक तीनों अनाज मंडियों में 87838.50 मीट्रिक टन बाजरे की आवक हुई है। लगभग 92 प्रतिशत फसल का उठान हो चुका है। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए प्रबंध किए गए हैं। राजस्व विभाग, कृषि विभाग तथा मार्केटिंग बोर्ड की ओर से किसानों की शिकायतों का निवारण किया जा रहा है। हरियाणा वेयर हाउस कारपोरेशन, हैफेड, खाद और आपूर्ति विभाग द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बाजरा की खरीद की जा रही है।