केंद्रीयमंत्री ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान की गिरदावरी के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाडी। केंद्रीय योजना, रसायन एवं उर्वरक मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रेवाड़ी जिले के बावल व अन्य क्षेत्रों में ओलावृष्टि के बाद फसल के हुए नुकसान के आकलन के लिए डीसी को गिरदावरी के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय मंत्री की ओर से जारी प्रेसनोट में बताया कि बावल के विभिन्न गांव के सरपंचों ने उन्होंने फोन पर सूचना दी कि विभिन्न गांव में ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने बताया कि उनकी सरसों व गेहूं की फसल ओलावृष्टि से खराब हो गई है। मंगलवार को उपायुक्त से दूरभाष पर हुई बातचीत में केंद्रीय राज्यमंत्री ने ओलावृष्टि से नुकसान हुई फसल का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि ओलावृष्टि से किसानों की फसल को हुए नुकसान के बारे में चिंतित हैं। प्रदेश सरकार से भी वे जिले में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर निरंतर संपर्क में है।