सरकारी कार्यालयों में हो हिंदी भाषा का इस्तेमाल : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाडी। उपायुक्त पंकज ने मुख्य सचिव हरियाणा की ओर से जारी किए गए आदेशों की अनुपालना में जिला के सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे राष्ट्रभाषा हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करते हुए भविष्य में सरकारी टिप्पणियां व पत्राचार केवल हिंदी भाषा में ही करें, अंग्रेजी भाषा का प्रयोग केवल उन कानूनी मामलों में किया जाए जो माननीय सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय या अन्य न्यायालय से संबंधित हों। उन्होंने निर्देश दिए कि भारत सरकार या दूसरे राज्यों से भी हिंदी भाषा में ही पत्राचार किया जाए। यदि जरूरी हो तो पत्र का अंग्रेजी रूपांतरण साथ भिजवा सकते हैं। इसके अलावा सभी विभाग विभागीय फार्म, आवेदन पत्रों का हिंदी व अंग्रेजी भाषा में स्पष्ट अनुवाद करवाएं और उन्हें अपनी विभागीय वबसाइट पर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें ताकि आम जनता को इन्हें समझने में परेशानी न आए। उन्होंने उक्ता आदेशों पर सख्ती से अमल करने की बात कही। उन्होंने बताया कि हिंदी भाषा हमारी राष्ट्रभाषा है और सभी विभागों को हिंदी भाषा के प्रचार एवं प्रसार के लिए आगे आना चाहिए।