दिव्यांगजनों को आज मिलेंगी ट्राइसाइकिल
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियान्त्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल सात फरवरी को प्रात: 11 बजे बाल भवन रेवाड़ी में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करेंगे। समारोह में रेवाड़ी के विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास व कोसली के विधायक बिक्रम सिंह यादव भी शिरकत करेंगे। एसडीएम कुशल कटारिया ने बताया कि जिले के 454 लाभार्थियों को एक करोड़ छह लाख रुपये की लागत के सहायक उपकरण दिव्यांगजनों को वितरित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि अरावली पावर कंपनी लिमिटेड ने सीएसआर के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर (एलिम्को) को उपरोक्त राशि दिव्यांगजनों के सहायक उपकरण के लिए उपलब्ध कराई है। एसडीएम ने बताया कि दिव्यांगजनों व उनके साथ आने वाले एक व्यक्ति के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है।