वाहनों पर लगवायें हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट : कैप्टन मनोज कुमार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव व अतिरिक्त उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने के लिए 4 काउंटर स्थापित किए गये है। जिनमें से 2 काउंटर शॉप नंबर 308, सेक्टर-5, नजदीक बीएमजी मॉल के सामने और दो काउंटर पुराना खोल ब्लाक कार्यालय, नजदीक नशा मुक्ति केंद्र, राजकीय कन्या वरिष्ट माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी के सामने बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि यदि जरूरत हुई तो एचएसआरपी प्लेट के लिए एक काउंटर ओर भी खोल दिया जाएगा। कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि वाहन रखने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो इसी मद्देनजर काउंटरों की संख्या बढाई गई है। उन्होंने कहा कि हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के अनेक फायदे है तथा सरकार की हिदायतों के अनुसार इन्हें अपने वाहनों पर लगवाना अनिवार्य है।