लोकमंच ने सीएम को पत्र भेजकर उठाई बस स्टैंड के निर्माण की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर की सामाजिक संस्था दक्षिण हरियाणा विकास लोकमंच के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल को पत्र भेजकर शहर में अभी तक बस स्टैंड का निर्माण शुरू नहीं करने पर सवाल उठाए हैं। मंच के अध्यक्ष बाबू जगजीत सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा सबका साथ-सबका विकास की बात कही जा रही है और रेवाड़ी के बाद जिन शहरों में बस स्टैंड मंजूर हुए थे, वहां पर वे बनकर तैयार भी हो चुके हैं। लेकिन रेवाड़ी में अभी तक बस स्टैंड का निर्माण कार्य तक शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की भेदभावपूर्ण नीति को दर्शाता है कि दक्षिण हरियाणा के साथ हमेशा से भेदभाव होता आया है। अध्यक्ष ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रेवाड़ी में बस स्टैंड बनाने की घोषणा के साथ उसकी आधारशिला रखी थी। इसके बाद अब 21 दिसंबर को आए मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा भी बस स्टैंड का कार्य प्रारंभ किया जाना था। मंच के महासचिव प्रो. रणबीर सिंह ने कहा कि शहर के सेक्टर-12 में बस स्टैंड निर्माण से संबंधित तमाम प्रक्रिया पूरी है फिर भी सरकार इसका निर्माण कार्य प्रारंभ करने में अनावश्यक देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में करनाल, पानीपत, सोनीपत व बहादुरगढ़ में नए बस अड्डे का निर्माण हो चुका है।