परिवार गया खाटू श्याम चोरों ने लगाई घर में सेंध
अमर उजाला ब्यूरो
खोल।
खोल थाना क्षेत्र के गांव डहीना शुक्रवार रात को बिजली निगम में कार्यरत एक कर्मचारी के एक घर से चोर 50 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात उड़ा ले गया। घटना के समय परिवार के सदस्य खाटू श्याम गए थे। रात के समय चोरों ने मकान का ताला तोड़कर पूरे घर को खंगाला। यहां से 50 हजार रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए। डहीना निवासी बीर सिंह बिजली निगम के जैनाबाद स्थित सब स्टेशन में कार्यरत है। शुक्रवार की सुबह वे परिवार सहित खाटू श्याम के लिए गए थे। जब वे रात्रि को एक बजे के करीब वापस घर पहुंचे तो घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। ताला खोल कर वे अंदर गए तो सभी लाइटें जल रही थीं। यह देखकर उनका सर चकरा गया और कमरों के अंदर गए तो घर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला। तत्पश्चात इसकी सूचना डहीना पुलिस को दी गई। रात्रि को ही पुलिस ने मौका मुआयना कर फिंगर एक्सपर्ट के बुलाने की बात कह कर चली गई। बीर सिंह ने बताया कि चोर घर में रखे 50 हजार रुपये के साथ चांदी की तागड़ी, पाजेब, एक ओम सोने का, एक अंगूठी सोने की सहित अन्य कीमती सामान ले गए। डहीना पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई अरविंद ने बताया कि चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।