ऑडियो वायरल मामले में चंडीगढ़ पहुंचे भाजपा नेता खोला
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
इनेलो के पूर्व जिला प्रमुख का एक पुलिस अधिकारी से धारूहेड़ा थाना को लेकर हुई बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद मामला चंडीगढ़ तक पहुंच गया है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पहले ही भाजपाई मोर्चा खोल चुके हैं। शिकायतकर्ता भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। आज पूरे दिन उन्होंने इस मामले को लेकर अधिकारियों से बातचीत की। हालांकि इस मामले में सरकार के स्तर पर होने वाली कार्रवाई का रुख अभी तक साफ नहीं हुआ है। उल्लेखनीय है कि बुधवार को एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें विपक्षी दल की टिकट पर चुनाव लड़ चुके एक नेता द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का नाम धारूहेड़ा थाना में नियुक्ति को लेकर बातचीत की जा रही है। ऑडियो के वायरल होने से क्षेत्र में खलबली मच गई थी। मामले में भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ के संयोजक सतीश खोला ने मुख्यमंत्री शिकायत भेजी थी। खोला को शुक्रवार को मामले की जांच के लिए चंडीगढ़ बुलाया गया है।