पुरस्कार वितरण समारोह में थिरके बच्चे
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
बावल स्थित डीपीएस स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल प्राचार्या प्रोमिला शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल निदेशक हरिओम सिवाच ने मुख्य अतिथि और विद्यालय अध्यक्ष हरिओम पंवार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान स्कूल का परीक्षा परिणाम भी घोषित किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकदीर्घा को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के निदेशक हरिओम सिवाच ने बताया कि नए सत्र से विद्यार्थियों के लिए विद्यालय की नव निर्मित द्वितीय तल में गणित, रसायन, भौतिक और जैविक विज्ञान की प्रयोगशालाओं के साथ डिजिटल एजूकेशन और इंगलिश स्पेलिंग की कक्षाएं भी लगाई जाएंगी। कार्यक्रम में आयोजित खेल प्रतियोगिता, लेखन प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता और सभी सदनों में हुई प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी।