रेवाड़ी। जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। 24 घंटे के अंदर जिले में डेंगू के सात मरीज मिले हैं। इसके साथ ही डेंगू पॉजिटिव मरीजों की संख्या 138 हो गई है।
जिले के सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी अस्पतालों में इन दिनों मरीजों का तांता लगा हुआ है। डेंगू के साथ वायरल बुखार से भी लोग पीड़ित हो रहे हैं। पिछले 24 घंटे में डेंगू के 07 नए मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को 50 संदिग्धों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें 7 मरीजों में डेंगू होने की पुष्टि हुई है। पिछले 56 दिनों में मिले 138 केसों में से 73 केस अकेले रेवाड़ी शहर से ही मिले हैं। यानि इस बार भी शहर हॉट स्पॉट बनकर उभरा है।
उधर, डेंगू के बढ़ते केस देखकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार फॉगिंग करा रहे हैं। राहत की बात यह है कि डेंगू के मामलों में पिछले साल के मुकाबले स्थिति ठीक है। वर्ष 2021 व 2022 में जिले में डेंगू के 300 से ज्यादा केस मिले थे, जिससे हालात खराब हो गए थे, लेकिन इस बार सिर्फ 138 केस मिले हैं। विशेषज्ञों ने बताया कि डेंगू के सामान्य लक्षणों में सिर दर्द, मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों में दर्द, उल्टी, आंखों के पीछे दर्द और त्वचा पर लाल चकत्ते होना मुख्य हैं। हेल्थ इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह और दिनेश यादव ने बताया कि जहां भी केस मिल रहे हैं वहां आसपास के घरों में भी फागिंग की जा रही है और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।-
2 साल से लगातार बढ़ रहे केस
डेंगू के आंकड़े भी बता रहे हैं कि 2 साल से लगातार डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। वर्ष 2021 में 306 केस मिले थे, जबकि वर्ष 2022 में इनकी संख्या बढ़कर 324 हो गई। इस बार अगस्त में ही आंकड़ा 150 के करीब 138 पर पहुंच चुका है। अभी 3 माह और बाकी है, यानि नवंबर तक डेंगू का असर रहता है।
वर्जन
: जिले में डेंगू के केस बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है। जांच के बाद चिकित्सक के परामर्श के अनुसार ही अपना इलाज कराएं। डेंगू होने की स्थिति में सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की भी जरूरत नहीं पड़ती है।
- डॉ. दीपक वर्मा, डिप्टी सिविल सर्जन