रेवाड़ी। हरियाणा सरकार की ओर से हाल ही में 139 कॉलोनियों को नियमित किया गया है। वहीं इस बार भी शहर की कोई भी कॉलोनी नियमित नहीं हो पाई है। जिन सात कॉलोनियों को नियमित करने के लिए लोगों ने फरवरी में नगर परिषद की चेयरपर्सन और डीएमसी से गुहार लगाई थी। उसका कोई भी लाभ नहीं मिला। जबकि डीएमसी ने लोगों को आश्वासन दिया था कि जल्द ही कॉलोनियों की आपत्तियों को दूर करके फाइल मुख्यालय भेजेंगे। फाइल मुख्यालय भेजने का दावा तो किया गया, लेकिन कोई लाभ नही हुआ। इसका कारण था कि फाइल भेजने का वक्त निकल चुका था।
दरअसल जनवरी को प्रदेश सरकार ने शहरी स्थानीय निकाय की 107 कॉलोनियों को नियमित किया था। रेवाड़ी नगर परिषद का इस सूची में नाम नहीं था। केवल धारूहेड़ा शहर की 6 कॉलोनियों को नियमित किया गया था। दूसरी तरफ रेवाड़ी नगर परिषद की 17 कॉलोनियों को रेगुलर करने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। निदेशालय के अनुसार 5 कॉलोनियां शर्तें पूरी नहीं करतीं। इसलिए सूची से बाहर हो गईं। जबकि 5 कॉलोनी पहले नियमित हो चुकी। शेष 7 कॉलोनियों में स्पष्टीकरण की जरूरत थी। जो 7 कॉलोनियां रेगुलर नहीं हुई, उनमें किसी का एरिया तो किसी की सड़कें गलत दशाई गई हैं। खाली एरिया जोड़ने पर भी आपत्ति लगाई गई है।
समय पर आपत्तियों को दूर करके नहीं भेजी फाइल
बता दें कि शहरी स्थानीय निवास निदेशालय की ओर से 18 जनवरी को डीएमसी रेवाड़ी को पत्र भेज कर आपत्तियों को जल्द से जल्द दूर करने को कहा था। 31 जनवरी तक सभी शर्तें पूरी करने वाली कालोनियों को नियमित करना था। नगर परिषद के अधिकारियों के लापरवाही के कारण 8 फरवरी को सभी आपत्तियों दूर करके फाइल भेजी गई। पार्षदों का आरोप है कि समय पर फाइल नहीं भेजने की वजह से उस समय भी यही परेशानी हुई थी। इसके बाद जब फाइल भेजी तो उसका कोई अर्थ ही नहीं था।
कॉलोनियों का वैध न होना चेयरपर्सन की लापरवाही
फाइनेंस कमेटी के मेंबर और पार्षद प्रवीण का कहना है कि जब सरकार ने पहले नियमित कॉलोनियों को लेकर लिस्ट जारी की थी, तब भी शहर की कॉलोनियों का नाम नहीं आया था। तब लोगों ने नप अधिकारियों से आपत्ति जाहिर की थी। इसके बावजूद इस बार भी एक भी कॉलोनी का नाम नहीं है। इससे साफ जाहिर होता है कि नगर परिषद का नेतृत्व कमजोर है। नेतृत्व मजबूत होता तो लोगों को परेशानी नहीं होती। वक्फ बोर्ड की जमीन की एनसीडी जारी करने की अब जल्द शिकायत पार्षदों की तरफ से दी जाएगी।
चेयरपर्सन ने कोशिश ही नहीं की
वार्ड नंबर 12 के पार्षद प्रतिनिधि सज्जन पहलवान ने बताया कि हरियाणा की 139 कालोनियां वैध हुई हैं, लेकिन रेवाड़ी की एक भी कॉलोनी का नाम नहीं आया। यह साफ-साफ रेवाड़ी के दुर्भाग्य को दर्शाता है। चेयरपर्सन ने कोशिश ही नहीं की। यदि कोशिश की गई होती तो कालोनियां वैध हो जातीं। समय पर आपत्तियों को दूर करके फाइल मुख्यालय नहीं भेजी गई।
वह कालोनियां जो नियमित होनी थी
नाम एरिया (एकड़ में)
सज्जन लोक कॉलोनी 3.196
थथेरा कॉलोनी गोकलगढ़ 18.07
गोकुल धाम कॉलोनी 5.36
शिव नगर पार्ट ए 18.49
राम विहार कॉलोनी 18.723
शास्त्री नगर कुतुबपूर मोला कॉलोनी 33.08
सज्जन सोसाइटी कॉलोनी 12.20
लोगों की समस्या को देखते हुए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रक्रिया फिलहाल जारी है।-पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी