अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के कोनसीवास रोड पर प्रकाश वाटिका के समीप बाइक सवार दो बदमाश पीवरा की ढाणी निवासी एक डेयरी व्यापारी से मारपीट करके मोबाइल और 30 हजार रुपये लूट ले गए। जाते समय बदमाश व्यापारी को पुलिस में शिकायत नहीं करने की भी धमकी देकर गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है। मूलत: जिला महेंद्रगढ़ के गांव करीरा और हाल पीवरा की ढाणी निवासी सुधीर कुमार ने ढाणी में ही डेयरी खोली हुई है। 13 नवंबर को सुधीर एक पिकअप वाहन में अपने डेयरी के पशुओं के लिए चारा लेकर आ रहा था। जब वह चारा को तुलवाने के लिए कोनसीवास रोड पर जा रहा था तभी प्रकाश वाटिका के समीप उसकी पिकअप के आगे दो बदमाशों ने अपनी बाइक लगा दी। बाइक लगाने के बाद बदमाशों ने उस पर किसी मोटरसाइकिल चालक को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए नीचे उतार लिया। इसके बाद जब सुधीर नीचे उतरा तो बदमाश उसकी जेब में रखे 30 हजार रुपये और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इसके बाद सुधीर ने शोर भी मचाया लेकिन तब तक बदमाश भागने में कामयाब हो गए। इस घटना से सुधीर डर गया जिसकी वजह से उसने दो दिन बाद पुलिस को शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।