रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने सराहनीय सामाजिक कार्यों को करने और बुराइयों के प्रति लड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने वाली संस्था रेडी टू हेल्प के पदाधिकारियों को सम्मानित किया। कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने संस्था सदस्य को सामूहिक रूप से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। आरटीएच की तरफ से यह सम्मान संस्थापक विजय सैनी, प्रवीण तोंदवाल, मुकेश बागडी, रजनीश कुहाड, अशोक खत्री, मनीष एडवोकेट, अभिषेक व सीसन द्वारा प्राप्त किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं लोगों को बुराइयों के प्रति जागरूक करने और समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका अदा करती हैं। आरटीएच ग्रुप के पदाधिकारी सामाजिक कार्यों में योगदान देने के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद करके अपने नाम को सार्थक कर रहा है। यहां बता दें कि आरटीएच द्वारा वीरवार को झुग्गी-झोपडियों में रहने वाले बच्चों की सहायतार्थ कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें कॉपी, किताबें और स्टेशनरी का सामान भी वितरित किया था इस दौरान आरटीएच ने इन सभी बच्चों को नि:शुल्क पढ़ा रहे नरेंद्र गुगनानी को भी सम्मानित किया था। इस दौरान आरटीएच संस्थापक विजय सैनी ने बताया कि वे जल संरक्षण, पौधरोपण, रक्तदान, नियमित स्वास्थ्य जांच, बेटियों के लिए उच्च शिक्षा, गरीब बच्चों के मदद और बाढ़-पीड़ितों के सहायतार्थ राहत सामग्री दान देने का कार्यक्रम चला चुके हैं।