अतिक्रमणकारियों पर फिर चला नप का डंडा, 15 हजार के चालान काटे
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। अतिक्रमण कर शहर की सुंदरता को बिगाड़ने वाले दुकानदारों से नगर परिषद की टीम सख्ती से निपटी। शुक्रवार को दूसरे दिन भी नप की टीम ने पुलिस बल को साथ लेकर शहर के विभिन्न बाजारों से न केवल अतिक्रमण हटाया, बल्कि सीमा से बाहर रखे सामान को जब्त करके करीब 15 हजार रुपये के चालान भी काटे। हालांकि इस कार्रवाई का दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते उनका विरोध दब गया। नगर परिषद शहर के बाजारों को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए कई बार अभियान चला चुकी है। अभियान के दौरान दुकानदारों का जहां सामान जब्त किया है, वहीं उनके चालान कर हजारों रुपये सरकारी खजाने में भी जमा कराए हैं, लेकिन नप की नींद के बाद स्थिति हमेशा पुराने ढर्रे पर आती रही है। पूर्व में चलाए गए अभियान के बावजूद शहर के बाजारों की सूरत अतिक्रमण के चलते बेशक में बदल गई थी। शहर के एक बार फिर से अतिक्रमण हटाने के लिए नप टीम ने गत दिवस अभियान चलाते हुए जहां सीमा से बाहर रखे दुकानदारों के सामान को जब्त किया था, वहीं 36 दुकानदारों के चालान कर उनसे 40 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला था। नप की टीम ने शुक्रवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया तथा शहर के मोती चौक, गोकल गेट तथा पंजाबी मार्केट सहित अन्य जगह पर दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान नप की टीम में शामिल कर्मचारियों ने दुकानों के आगे रखे साईन बोर्ड, तख्त व बैंच सहित अन्य सामान जब्त कर लिया। उन्होंने कई दुकानदारों के चालान काट कर उनसे 15 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। इस दौरान दुकानदारों ने टीम में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों से उलझने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते ऐसा नहीं हो पाया। इधर नप के कार्यकारी अधिकारी मनोज यादव ने कहा कि दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने हिदायत दी गई है, लेकिन उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को किसी भी हालत में अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा।