रेवाड़ी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए मनोवैज्ञानिक परामर्श सुविधाएं शुरू की हैं। वहीं प्रैक्टिकल 1 जनवरी से शुरू हो चुका है और थ्योरी की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। सीबीएसई के मुताबिक बोर्ड के टोल फ्री नंबर 1800118004 पर विद्यार्थी और उनके अभिभावकों के लिए मुफ्त आईवीआरएस सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से तनाव के बारे में जानकारी और सुझाव दिए जाएंगे।
इस वर्ष सीबीएसई से संबद्ध सरकारी और निजी स्कूलों के कुल 65 प्रधानाचार्य, प्रशिक्षित परामर्शदाता और विशेष शिक्षक और मनोविज्ञानी यह सुविधा प्रदान कर रहे हैं। इनमें से 52 भारत से हैं, जबकि 13 परामर्शदाता कुवैत, नेपाल, जापान, दोहा-कतर, ओमान (मस्कट) और संयुक्त अरब अमीरात (दुबई, शारजाह, रास-अल-खैमा) से हैं।
ये मिलेंगी जानकारियां
परीक्षा के लिए निशुल्क तैयारी, समय और तनाव प्रबंधन, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न, सीबीएसई कार्यालयों के महत्वपूर्ण संपर्क विवरण, हिंदी और अंग्रेजी में प्राप्त किए जा सकते हैं। समान विषयों पर द्विभाषी पाडकास्ट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
इस वजह से शुरू की सुविधा
अकसर परीक्षा शुरू होने से पहले विद्यार्थी तनाव में आ जाते हैं, जिसकी वजह से उन्हें काफी परेशानी होती है। ऐसा नहीं है कि स्कूल स्तर पर बच्चों को परामर्श नहीं मिलता है, मगर फिर भी कहीं न कहीं बच्चे अपने आप पर दबाव महसूस करते हैं। इसी को देखते हुए यह सुविधा बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि परामर्श लेकर वह अपने आप को तनावमुक्त रख सकें और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस तरह दिया जाएगा परामर्श
आईवीआरएस : छात्रों और अभिभावकों के लिए निशुल्क आईवीआरएस सुविधा सप्ताह में सात दिन 24 घंटे उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से परीक्षा के लिए तनावमुक्त तैयारी, समय और तनाव प्रबंधन, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न, सीबीएसई कार्यालयों के महत्वपूर्ण कॉन्टेक्ट विवरण के बारे में जानकारी और सुझाव हिंदी और अंग्रेजी में प्राप्त किए जा सकते हैं।
पॉडकास्ट : समान विषयों पर द्विभाषी पॉडकास्ट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर भी सुने जा सकते हैं।
टेली काउंसलिंग : टेली काउंसलिंग एक स्वैच्छिक और निशुल्क सेवा है, जो सोमवार से शनिवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इस वर्ष सीबीएसई से संबद्ध सरकारी और निजी स्कूलों के कुल 65 प्रधानाचार्य जबकि 13 काउंसलर विदेशी हैं।