कबड्डी प्रतियोगिता में अहीर की टीम बनी विजेता
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर में आयोजित इंटर कॉलेज कबड्डी प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में रेवाड़ी व महेंद्रगढ़ महाविद्यालयों के पुरुषों और महिला खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पुरूष वर्ग में अहीर महाविद्यालय ने केएलपी महाविद्यालय को 22-21 से मात देकर विजेता बनी। महिला वर्ग में दोस्ताना मैच करवाया गया। इंटर कॉलेज कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ आईजीयू के कुलपति डॉ. मारकंडे आहूजा एवं कुल सचिव डॉ. अन्नपूर्णा शर्मा ने टॉस करके किया। कुलपति एवं कुलसचिव ने सभी खिलाड़ियों के साथ परिचय किया और वर्तमान समय में खेलों के महत्व की भूमिका से अवगत कराया। प्रतियोगिता के बाद आईजीयू मीरपुर की सर्कल कबड्डी टीम का चयन किया। चयनित टीम 21 से 23 फरवरी को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भाग लेगी। इस अवसर पर खेल निदेशक प्रो. संतोष शर्मा ने खिलाड़ियों को खेल से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध करवानें का आश्वासन दिया। इस मौके पर कर्मवीर, सुरेश, नितिन, देवेंद्र ढाका, धर्मवीर, डॉ. धीरज सांगवान, डॉ. हरिप्रकाश व सुनीता सहित अन्य उपस्थित थे।