आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मनाया काला दिवस
रेवाड़ी।
विभिन्न मांगों को लेकर चार दिन से धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने वीरवार को काला दिवस मनाया और समाज कल्याण मंत्री कविता जैन का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने को सामाजिक कार्यकर्ता डॉक्टर टीसी राव ने भी समर्थन दिया। उल्लेखनीय है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार से स्थायी नौकरी, काम के बराबर वेतनमान एवं अन्य सुविधाओं की मांगों को लेकर चार दिनों से सचिवालय के समीप मैदान में धरने पर बैठी हैं। वीरवार को धरनारत कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाया एवं समाज कल्याण मंत्री कविता जैन का पुतला फूूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रधान राजबाला चौहान ने कहा कि सरकार उनके साथ वादाखिलाफी कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 24 घंटे की नौकरी करती है, लेकिन न तो काम के अनुसार वेतन दिया जा रहा है और न ही उन्हें पक्का किया जा रहा है। वे पक्का कर्मचारियों से ज्यादा कार्य करते हैं। वीरवार को सामाजिक कार्यकर्ता टीसी राव भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने भी सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।