संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के विकास नगर में चोर एक घर में घुसकर 50 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के समय परिवार के सदस्य किसी के यहां भजन-कीर्तन में शामिल होने गए थे। बाइक सवार चोर कबाड़ी गली में एक घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के कालका रोड स्थित विकास नगर निवासी मुकेश शर्मा मानेसर स्थित होंडा कंपनी में नौकरी करते हैं। शनिवार को वह अपनी ड्यूटी पर गए थे और परिवार के सभी सदस्य उनके परिचित विनोद कुमार यादव के यहां सनसिटी में भजन-कीर्तन में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। परिवार के सदस्य जब लौटे तो घर के ताले टूटे मिले और सामान इधर-उधर बिखरा मिला। कमरों में रखे सामान को चेक किया तो वहां से चार जोड़ी पाजेब, सोने की अंगूठी, एक चांदी की अंगूठी, 10 चांदी के सिक्के, 7 जोड़ी चुटकी के अलावा सभी गहने और 50 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। परिवार ने चोरी की सूचना तुरंत मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच के बाद मुकेश की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस और मुकेश ने जब गली में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो उसमें बाइक पर कबाड़ी का काम करने वाला एक व्यक्ति नजर आया। जिसने उसके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी में चोर पहले पैदल मुकेश के घर के आसपास टहलता हुआ और फिर चोरी के बाद बाइक पर भागता हुआ दिखाई दिया। मुकेश ने इसी कबाड़ी पर शक जाहिर किया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस इसी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश करने में जुटी है।