रेवाड़ी। केंद्र सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने आइडिया इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों से आवेदन मांगे हैं। आवेदन करने के लिए केवल 5 दिन शेष हैं। जिले में आइडिया भेजने की गति धीमी चल रही है।
प्रत्येक खंड से 250 आइडिया मांगे गए थे। कुल 1250 आइडिया भेजे जाने थे, लेकिन यह आंकड़ा अभी 676 पर ही अटक गया है, जोकि मानक से काफी कम है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर है। सरकार की ओर से देशभर से आइडिया मांगे गए हैं। इनमें से बेहतर आइडियाज को सरकार चयनित करेगी, जिन्हें नकद 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से कहा गया है कि आइडिया में नवीनता, व्यवहारिकता, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरण की अनुकूलता के आधार पर होने चाहिए। विद्यार्थियों को पोर्टल पर नामांकन करना होगा। योजना का उद्देश्य स्कूली छात्रों के विचारों और नवाचारों को बढ़ावा देना है। शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया है कि इस योजना के लिए कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इंस्पायर अवॉर्ड योजना में विद्यार्थी कोई भी नया और रचनात्मक आइडिया भेज सकते हैं। विभाग विद्यार्थियों द्वारा भेजे गए आइडियाज का चयन उसकी नवीनता, व्यवहारिकता, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरण की अनुकूलता और वर्तमान तकनीक से बेहतरी के आधार पर करेगा। इनमें जिन विद्यार्थियों के आइडिया अच्छे होंगे और विभाग के लिए उपयोगी होंगे, उन्हें सरकार 10 हजार की पुरस्कार राशि का भुगतान करेगी।
इंसेट
विभाग के ई-एमआइएएस पोर्टल पर भेजें आइडिया
शिक्षा विभाग ने बताया कि योजना के अंतर्गत सरकारी, प्राइवेट, जेएनवी और सीबीएसई या एचबीएसई से संबंधित कोई भी स्कूल के विद्याथीZ आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के ई-एमआइएएस पोर्टल पर लिंक पर आवेदन करना होगा। एक स्कूल तीन से पांच आइडिया ऑनलाइन भेज सकता है।
राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
योजना के अंतर्गत चयनित होने वाले विद्यार्थियों के बैंक खाते में सीधे पुरस्कार राशि भेजी जाएगी। विभाग की ओर से कहा गया है कि सरकार की ओर से विद्यार्थी के खाते में 10 हजार रुपये नए मॉडल बनाने के लिए डाले जाएंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रदर्शनी व प्रोजेक्ट प्रतियोगिता से 10 हजार में से 1 हजार नव-प्रर्वतन का चयन होगा। शीर्ष 60 विचारों या नवविचारों का प्रदर्शन राष्ट्रपति भवन में किया जाएगा। राष्ट्रपति द्वारा उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही सकुरा एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी व शिक्षक को जापान की यात्रा का अवसर भी मिलेगा।
वर्जन:
विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से स्कूलों के विद्यार्थियों से नए-नए आइडिया मांगे गए हैं। विद्यार्थी 15 अक्तूबर तक आवेदन जरूर कराएं।-रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।